New Delhi,India  |  
Read.Trust.Share !

नेपाल में जेन ज़ी नेतृत्व की शुरुआत, हर फैसले पर टिकी वैश्विक निगाहें और भारत के लिए संकेत

एक हफ्ते पहले रामनवमी के दिन, नेपाल की राजनीति में एक असामान्य और प्रतीकात्मक क्षण सामने आया जब प्रधानमंत्री बनने जा रहा एक नेता अपने पहले संदेश के लिए भाषण नहीं, बल्कि रैप चुनता है। “एकता की शक्ति ही मेरी राष्ट्रीय ताकत है… इस बार इतिहास बन रहा है”,इन पंक्तियों के साथ 35 वर्षीय बालेंद्र शाह ने न सिर्फ अपनी जीत का संदेश दिया, बल्कि उस नई राजनीति की धुन भी तय कर दी, जो अब नेपाल में गूंज रही है।

यह केवल शैली का बदलाव नहीं, बल्कि सोच का संकेत है एक ऐसी पीढ़ी का, जो परंपरागत ढांचे को चुनौती देकर सत्ता तक पहुंची है। “बीट, बगावत और बहुमत” का यह संगम दरअसल उस जनाक्रोश की परिणति है, जो वर्षों से नेपाल में पनप रहा था।

2008 में राजशाही समाप्त होने के बाद से नेपाल ने राजनीतिक अस्थिरता का लंबा दौर देखा है, जहां एक दशक में दर्जनभर से अधिक सरकारें बदलीं। युवाओं में बेरोज़गारी 20 प्रतिशत से ऊपर रही, और हर साल लाखों नेपाली रोज़गार के लिए विदेश जाते रहे। 2025 के युवा-नेतृत्व वाले आंदोलनों ने इसी असंतोष को संगठित किया और पुरानी राजनीतिक व्यवस्था को निर्णायक चुनौती दी।

बालेंद्र शाह इसी बदलाव के प्रतीक बनकर उभरे। एक इंजीनियर, रचनात्मक पृष्ठभूमि वाले और काठमांडू के मेयर के रूप में प्रशासनिक सख्ती दिखाने वाले नेता के रूप में उन्होंने युवा मतदाताओं का भरोसा जीता। अवैध अतिक्रमण हटाने और शहरी व्यवस्था सुधारने जैसे कदमों ने उन्हें “काम करने वाले” नेता की छवि दी एक ऐसा चेहरा, जो केवल वादों से नहीं, बल्कि क्रियान्वयन से पहचाना गया।

लेकिन अब असली परीक्षा शुरू होती है। सत्ता में आना जितना कठिन था, उसे संभालना उससे कहीं अधिक चुनौतीपूर्ण है। आर्थिक सुधार, रोजगार सृजन और संस्थागत स्थिरता ये तीनों मोर्चे उनके नेतृत्व की विश्वसनीयता तय करेंगे। शुरुआती सख्त संकेत बताते हैं कि वह व्यवस्था को झकझोरना चाहते हैं, पर यह झटका स्थायी बदलाव में बदलता है या नहीं, यह समय ही बताएगा।

भारत के लिए भी यह बदलाव कम महत्वपूर्ण नहीं है। नेपाल के साथ खुली सीमा, सांस्कृतिक निकटता और आर्थिक संबंध दोनों देशों को गहराई से जोड़ते हैं। ऐसे में बालेंद्र शाह की सरकार के फैसले द्विपक्षीय संबंधों की दिशा तय करेंगे। अतीत में कुछ भारत-विरोधी टिप्पणियों के बावजूद, अब सहयोग और संतुलन की अपेक्षा अधिक है खासतौर पर तब, जब भारत में भी समय-समय पर व्यवस्था परिवर्तन और युवा असंतोष को लेकर बहस तेज होती रही है।

अंततः, यह कहानी सिर्फ नेपाल की नहीं है। यह उस वैश्विक क्षण की कहानी है, जहां एक नई पीढ़ी जिसे अक्सर अधीर, अनुभवहीन और डिजिटल दुनिया तक सीमित माना गया अब सत्ता में अपने लिए जगह बना रही है।

बालेंद्र शाह के हर फैसले पर टिकी वैश्विक निगाहें दरअसल इसी सवाल का जवाब तलाश रही हैं,क्या यह पीढ़ी केवल बदलाव की बात कर सकती है, या वह उसे स्थायित्व भी दे सकती है? यदि वह सफल होते हैं, तो “बीट, बगावत और बहुमत” केवल एक हेडलाइन नहीं, बल्कि नई राजनीति का सूत्र बन जाएगा। लेकिन अगर यह प्रयोग डगमगाता है, तो यह अविश्वास और गहरा कर देगा।

यही कारण है कि बालेंद्र शाह का नेतृत्व एक देश की सीमाओं से कहीं बड़ा है यह उस पीढ़ी की विश्वसनीयता की परीक्षा है, जो अब इतिहास लिखने के सबसे निर्णायक मोड़ पर खड़ी है।

About The Author

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments